राजू कुमार गुप्ता प्रकरण में वैश्य समाज की जनाक्रोश पदयात्रा !

डीएम-एसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, न्याय न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी !

उत्तर प्रदेश : महराजगनज

25 अगस्त 2026 : निचलौल थाना क्षेत्र से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता एवं किसान नेता राजू कुमार गुप्ता प्रकरण को लेकर मंगलवार को सर्व वैश्य समाज के आह्वान पर जिला मुख्यालय में विशाल जनाक्रोश पदयात्रा निकाली गई। भारतीय वैश्य चेतना महासभा/सर्व वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष रामसेवक साहू के नेतृत्व में निकली पदयात्रा में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर प्रदर्शनकारी जिला मुख्यालय पहुंचे। इसके बाद धरना-प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने निचलौल थानाध्यक्ष योगेन्द्र कुमार राय पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

थानाध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप:-

समाज की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राजू कुमार गुप्ता ग्रामीणों के साथ एक दुर्घटना में मृत युवकों के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि बातचीत के दौरान उनके साथ कथित रूप से अभद्रता, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। इसके बाद उन्हें पुलिस वाहन से थाने ले जाकर शांति भंग की कार्रवाई की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराई जाए और यदि पुलिसकर्मी के विरुद्ध लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

डीएम-एसपी को सौंपा ज्ञापन:-

पदयात्रा के बाद वैश्य समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को अलग-अलग ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले में न्यायपूर्ण कार्रवाई, निष्पक्ष जांच तथा संबंधित पुलिस अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान “भ्रष्ट, बेलगाम और गुंडागर्दी पर उतारू वर्दीधारी SHO योगेंद्र राय को बर्खास्त करो” जैसे नारे भी लगाए गए। इससे जिला मुख्यालय का माहौल काफी देर तक नारों से गूंजता रहा।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी:-

वैश्य समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज किसी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने के लिए समाज बाध्य होगा। पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए जिला मुख्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान पशुपतिनाथ गुप्ता, लालजी गुप्ता, गोविंद गुप्ता, विजय कुमार जायसवाल, जवाहरलाल साहू, राहुल जायसवाल, अभय जायसवाल, गोरख गुप्ता, सर्वेश गुप्ता, रामानुज गुप्ता, नीरज तैलिक बंशी, चंद्रशेखर साहू समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश न्यूज़ हैड कृष्ण कुमार गुप्ता रिपोर्ट

Similar Posts