उत्तर प्रदेश : महाराजगंज
19 मई 2026 : जनपद की थाना पुरन्दरपुर पुलिस, सर्विलांस, स्वाट और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में मल्हनी फुलवरिया लूट कांड का सफल अनावरण करते हुए 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में लूटी गई ज्वेलरी, एक लूटी गई बाइक समेत घटना में प्रयुक्त 4 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत यह सफलता मिली। जानकारी के मुताबिक 14 मई 2026 को थाना पुरन्दरपुर क्षेत्र के मल्हनी फुलवरिया के पास अपाचे बाइक सवार युवक के साथ मारपीट कर बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल और ज्वेलरी लूट ली थी। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि घटना का मुख्य सरगना सनोज वर्मा है, जिसने अपने साथियों और बाल अपचारियों के साथ मिलकर पूरी वारदात की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार बाल अपचारियों द्वारा पहले दुकानदार की रेकी की गई और उसकी गतिविधियों की जानकारी आरोपियों तक पहुंचाई गई। घटना वाले दिन दुकानदार रंजीत सोनी को अंग्रेजी शराब की बोतल से हमला कर घायल किया गया और बाइक व ज्वेलरी लूट ली गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लूट के माल के बंटवारे के लिए मधुकपुर महदेवा स्थित पुराने पंचायत भवन के पास जुटे हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी में शामिल:-
1. 799 ग्राम चांदी|
2. 1.3 ग्राम सोना|
3. लूटी गई अपाचे बाइक UP56 AL 1952.
4. 4 अन्य मोटरसाइकिलें|
5. कटर व इलेक्ट्रॉनिक तराजू|
गिरफ्तार आरोपियों में सनोज वर्मा, समीर अहमद, राजन उर्फ भोलू मौर्या और मुकेश कुमार शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना पुरन्दरपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस सफलता का श्रेय थाना पुरन्दरपुर, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास को दिया है।
उत्तर प्रदेश न्यूज़ हैड कृष्ण कुमार गुप्ता की रिपोर्ट





