नशे के अवैध कारोबार पर कुमाऊँ एसओटीएफ का बड़ा प्रहार—दो मेडिकल स्टोरों से 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद !

उत्तराखंड : काशीपुर

31 अक्टूबर 2026 : ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम जैसी प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री का खुलासा, एक मेडिकल स्टोर संचालक के विरुद्ध NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज, दूसरे के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई। मा० मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” के संकल्प को साकार करने के लिए पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में कुमाऊँ पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 30.10.2026 की देर सायं रेंज एसओटीएफ कुमाऊँ, थाना आईटीआई जनपद ऊधमसिंहनगर एवं औषधि निरीक्षक ऊधमसिंहनगर की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर थाना आईटीआई क्षेत्रान्तर्गत खड़गपुर देवीपुरा स्थित दो मेडिकल स्टोरों पर चेकिंग की गई।

01. कृष्णा मेडिकल स्टोर से 2,944 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद|

संयुक्त टीम द्वारा रोहित कुमार पुत्र नन्हें सिंह, निवासी ग्राम मऊ, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद (हाल निवासी ग्राम गिन्नी खेड़ा, थाना आईटीआई), उम्र 30 वर्ष के कृष्णा मेडिकल स्टोर, खड़गपुर देवीपुरा, वार्ड नम्बर-09 की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर से 2,344 ट्रामाडोल (Tramadol) एवं 600 अल्प्राजोलम (Alprazolam) की प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना आईटीआई में NDPS एक्ट के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी NDPS एक्ट के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत हो चुका है।

02. राधिका मेडिकल स्टोर से 263 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद, लाइसेंस निरस्तीकरण तथा मेडिकल स्टोर सील की कार्रवाई|

इसके अतिरिक्त संयुक्त टीम द्वारा घनश्याम सिंह पुत्र जीवाराम, निवासी वार्ड नम्बर-04, ईदगाह रोड, जसपुर पट्टी, थाना जसपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 35 वर्ष के राधिका मेडिकल स्टोर, खड़गपुर देवीपुरा, वार्ड नम्बर-09 की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर से 124 ट्रामाडोल एवं 139 अल्प्राजोलम की प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक द्वारा मौके पर मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई तथा तहसीलदार द्वारा मेडिकल स्टोर को सील किया गया ।

कुल बरामदगी:-

ट्रामाडोल (Tramadol) – 2,468 टैबलेट
अल्प्राजोलम (Alprazolam) – 739 टैबलेट
कुल – 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट
संयुक्त कार्यवाही करने वाली टीम

1. प्रभारी एसओटीएफ कुमाऊँ परिक्षेत्र मय टीम।
2. उ0नि0 बसंत पंत, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर।
3. का0 धर्मेन्द्र भारती, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर।
4. औषधि निरीक्षक नीरज कुमार मय टीम।

आईजी कुमाऊँ का संदेश:-

पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के सौदागरों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कुमाऊँ पुलिस – नशे के विरुद्ध प्रहार, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा।
मीडिया सेल कुमाऊं रेंज

Similar Posts