महराजगंज: सड़क की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, कीचड़ में बैठकर दिया धरना; BDO के आश्वासन पर माने लोग !

उत्तर प्रदेश : महराजगंज

 

25 सितम्बर 2026 : जनपद के धानी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा कानापार टोला ढोड़घाट में वर्षों से जर्जर और बदहाल पड़ी सड़क को लेकर ग्रामीणों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। लगातार बारिश के बाद सड़क पर बने गहरे गड्ढों, जलजमाव और दलदल से आजिज आकर ग्रामीणों ने अनोखा विरोध दर्ज कराया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क के बीचों-बीच कीचड़ में बैठकर जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

200 की आबादी दलदल से जूझने को मजबूर, दो दिन पहले गिरा बाइक सवार:-

करीब 200 से अधिक की आबादी वाले ढोड़घाट गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला यह इकलौता संपर्क मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पूर्व इसी कीचड़ भरे रास्ते से गुजरते समय एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में गिरकर चोटिल हो गया था। इस घटना के बाद से ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त था। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं।

स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, गांव तक नहीं पहुंच पाती एंबुलेंस:-

सड़क की दुर्दशा का खामियाजा सबसे ज्यादा गांव के नौनिहालों को भुगतना पड़ रहा है। स्कूली बच्चे रोज इसी कीचड़ भरे रास्ते से फिसलते हुए स्कूल जाने को विवश हैं। अक्सर फिसलकर गिरने से बच्चों की ड्रेस और बस्ते खराब हो जाते हैं। इसके अलावा, स्वास्थ्य आपातकाल के समय गांव तक 108 एंबुलेंस या चारपहिया वाहन नहीं पहुंच पाते। गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों या गर्भवती महिलाओं को चारपाई या गोद में उठाकर मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है, जिससे कई बार जान पर बन आती है।

मौके पर पहुंची बीडीओ, जल्द मरम्मत के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना:-

कीचड़ में बैठकर ग्रामीणों द्वारा धरना दिए जाने की सूचना मिलते ही धानी ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों से वार्ता की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। बीडीओ ने सड़क का स्थलीय मुआयना कर ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सड़क मरम्मत का प्रस्ताव प्राथमिकता पर लेकर जल्द से जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा। अधिकारी के ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो वे व्यापक आंदोलन को बाध्य होंगे।

ब्लॉक ब्यूरो चीफ धानी डॉ शैलेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट

Similar Posts