राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ त्रैमासिक निरीक्षण !
उत्तर प्रदेश : महाराजगंज
15 जून 2026 : कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीवीपैट स्ट्रांग रूम के वेयरहाउस/गोदाम का सोमवार को जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना था। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा गार्डों की तैनाती, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले कक्ष संख्या-02 में रखी गई बीयू मशीनों के भंडारण की स्थिति को देखा और ईवीएम मशीनों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम एवं वीवीपैट का रखरखाव भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्ट्रांग रूम में केवल नियमानुसार ही प्रवेश की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की 24×7 निगरानी और क्रियाशीलता हर हाल में सुनिश्चित रहे। इसके साथ ही सुरक्षा गार्डों की तैनाती, विद्युत व्यवस्था और रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मशीनों का रखरखाव सुरक्षित एवं पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। यदि किसी राजनीतिक दल को कोई शंका या जानकारी चाहिए तो तत्काल अवगत कराएं, सभी शंकाओं का समाधान किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रमोद कुमार, भाजपा प्रतिनिधि श्री आकाश श्रीवास्तव, आम आदमी पार्टी के श्री पशुपति नाथ गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश न्यूज़ हैड कृष्ण कुमार गुप्ता की रिपोर्ट







